गाजियाबाद (युग करवट)। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने आज मंडल और जनपद की समीक्षा की। उन्होंने विभाग की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ओबीसी वर्ग के 37 लाख छात्रों को स्कोलरशिप दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार के समय सिर्फ 500 रुपए मिलते थे जिसे योगी सरकार ने पांच गुना अधिक कर दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में दिव्यांग विभाग का बजट ६६५ करोड़ होता था अब योगी सरकार में इस बजट को बढ़ाकर साढ़े तीन हजार करोड़ कर दिया जिसमें पिछड़े विभाग का बजट दो हजार करोड़ है। उन्होंने कहा कि मंडल समीक्षा में सभी अधिकारियों का काम सही पाया गया है। सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों को मिल रहा है।
नरेंद्र कश्यप ने बताया कि इस बार कक्षा नौ, दस और 12 में पढऩे वाली दिव्यांग बेटियों को स्कूल जाने के लिए ई-ट्राई साईकिल दी जाएंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में 20 छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर जिले में जिला पुनर्वास केंद्र बनाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि चित्रकूट में दिव्यांग यूनिवर्सिटी बनाई गई है। उन्होंने जलभराव के कारण हुई बच्ची की मौत पर दु:ख जताया और कहा कि नगर निगम से व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसा न हो। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं। उन्हें केवल अपना ही परिवार दिखाई देता है।
रामभक्तों पर गोली चलाने वाले राम मंदिर पर बात करते हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेशभर में सात सौ के करीब दंगे हुए थे। ऐसे में प्रदेश को दंगामुक्त करना आसान नहीं था। उन्होंने बिना मेरठ की घटना का नाम लिये कहा कि एसएसपी हो या कोई और किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए। इस घटना की भी जांच होगी। प्रेसवार्ता में सौरभ जायसवाल, पवन कश्यप आदि मौजूद रहे।