प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के मौहल्ले विजय विहार में जीवन गेट निवासी आफताब पुत्र शकील को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया। आफताब की हत्या कर दिये जाने के बाद उसके परिवार पर जहां गमों का पहाड़ टूट पड़ा वहीं परिजनों के तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके अंकुर विहार थाना पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी थी। सूत्रों के अनुसार अंकुर विहार थाना पुलिस ने एसीपी अमरदीप कुमार मौर्य की अगुवाई में दो संगे भाईयों नदीम व एहतेशाम निवासी विजय विहार को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गये नदीम व एहतेशाम ने बताया कुछ माह पूर्व उनका झगड़ा मृतक आफताब से हुआ था। इसके चलते उनके बीच जहां रंजिश पैदा हो गई थी और वो उससे बदला लेने की फिराक में रहने लगे थे। उन्हें आफताब से बदला लेने का मौका उस समय मिल गया कि जब वह खुद ही उनके मौहल्ले में आ गया। उसके बाद उन्होंने आफताब की हत्या चाकू से गोदकर कर दी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी नाम इस मर्डर केस में प्रकाश में आयेंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।