मेरठ (युग करवट)। अलीगढ़ में एएमयू शिक्षक के हत्या के आरोपी जुबैर को एसटीएफ ने मेरठ के लोहियानगर स्थित अलीपुर में एनकाउंटर में ढेर कर दिया। जुबैर पर एक लाख का इनाम था। जुबैर कुख्यात मुनीर गैंग का सक्रिय सदस्य था और उस पर हत्या, लूट व डकैती सहित दो दर्जन से अधिक संगीन अपराध दर्ज थे। एसटीएफ की टीम ने आज तडक़े अलीपुर थाना लोहिया नगर क्षेत्र में संदिग्ध बदमाश जुबैर को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, जुबैर ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जुबैर पर 24 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन, अलीगढ़ क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में उस पर अलीगढ़ पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। जुबैर पुत्र रफतउल्ला निवासी गांव नौशा (अलीगढ़) और हाल निवासी शाहीन बाग दिल्ली एक शातिर अपराधी था।