नोएडा (युग करवट)। एक युवती ने एक विवाहित व्यक्ति पर शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ फेस-3 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना फेस -3 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि सेक्टर-117 स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली युवती ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पिछले दो वर्ष से सेक्टर-70 स्थित एक कंपनी में कार्यरत थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात कंपनी के कर्मचारी जंग बहादुर से हुई। दोनों के बीच दोस्त हो गई। उसने खुद को अविवाहित बताया। इसके बाद आरोपी ने शादी करने का प्रस्ताव रखा।विश्वास जीतकर धीरे-धीरे करके उसे करीब 15 लाख रुपये उधार ले लिए। दोनों लिवइन में रहने लगे। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात भी करा दिया। पीडि़ता ने जब उससे शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने गाली-गलौज कर मारपीट की। इस दौरान पीडि़ता के कान का पर्दा भी फट गया। इसकी शिकायत पूर्व मे पुलिस से की गई। जहां आरोपी ने गलती मानते हुए समझौता कर लिया और भविष्य में ऐसी घटना नही करने का विश्वास दिलाया।पीडि़ता के मुताबिक पीडि़ता ने जब दोबारा शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने फिर से गाली-गलौज कर मारपीट की। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आरोपी के हौसले बढ़ गए। आरोपी लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। उसने फिर से मारपीट की। इस बार पुलिस आरोपी को थाने ले गई।
जहां पूनम नामक महिला पहुंच गई। उसने खुद को आरोपी की पत्नी होने का दावा किया। इसके बाद आरोपी के दो पुत्र, दो अन्य लोग पहुंच गए। उन्होंने पीडि़ता को जान से मारने की धमकी दी। तब से पीडि़ता को आरोपी डरा रहे हैं। थाना स्तर से सुनवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर थाना फेस-तीन पुलिस ने आज केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।