लखनऊ (युग करवट)। यूपी से राज्यसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद अब सभी की निगाहें भाजपा की ओर है। देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा किस किस को राज्यसभा भेजती है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश टीमों में बदलाव के बाद माना जा रहा है कि पार्टी राज्यसभा चुनाव में भी चौंकाने वाले कुछ चेहरों पर दांव लगाएगी। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा को उच्च सदन भेजने की चर्चा है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में जाटों की प्रभावी संख्या देखते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान का नाम चर्चा में है, जिन्हें राज्यसभा भेजकर भाजपा जाट वोटों को लेकर रालोद पर अपनी निर्भरता कम कर सकती है। जौनपुर की सीमा द्विवेदी की जगह ब्राह्मण महिला चेहरे के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा और स्मृति ईरानी अहम दावेदार हैं। चुनावी वर्ष में भाजपा यूपी में नए समीकरणों और संदेशों के जरिए ताकत बढ़ाने में जुटी है। पार्टी ने राज्य सभा एवं विधान परिषद में प्रभावी और जातीय समीकरणों पर खरे उतरने वाले चेहरों पर मंथन किया है। चर्चा है कि पूर्व सांसद वरुण गांधी का वनवास खत्म करते हुए भाजपा उन्हें उच्च सदन में भेजकर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल करने का रास्ता साफ कर सकती है।