कैशवैन लूटकांड : २ ईनामी लुटेरों को मार गिराने के बाद
एक-एक लाख के ईनामी शुऐब व फिरोज की गिरफ्तारी की उल्टी गिनती शुरू
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल सिंह राजपूत की टीम ने एसएचओ सिहानी गेट कुलदीप दीक्षित व एसओ वेव सिटी मानवेंद्र सिंह आदि सहयोगियों के साथ मिलकर कैशवैन लूटने वाले गैंग के मास्टरमाइंड एक-एक लाख के ईनामी जुबेर व समीर को तो बीती रात मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। अब पुलिस इस गैंग के एक-एक लाख के ईनामी लुटेरे शुऐब व फिरोज की तलाश में लग गई है। सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि इन दोनों बदमाशों को उनके सही अंजाम तक पहुंचाने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस लगभग इन दोनों लुटेरों के ठिकानों पर पहुंच चुकी है। सूत्रों की माने तो इंडिया वन वित्तीय संस्था की कैश वैन में डाका डालने के बाद डकैती में शातिल छह लुटेरे जुबेर, समीर, शुऐब, मौहम्मद रिजवान, मौहम्मद कैफ और फिरोज पुलिस की पकड़ में आने से बचने के लिये जहां निरंतर अपना इिकाना बदल रहे थे वहीं उत्तर प्रदेश की सीमा से दूर रहने के लिये कई राज्यों में छुपे रहे थे। इस डकैती के खुलासे के लिये पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड अपने अधिनस्थों को निरंतर गाइड भी कर रहे थे।
वहीं एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था राजकरन नैय्यर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार सिंह भी दिन रात लगे हुए थे। श्री गौड की लग्न एवं उनके अधिनस्थों की सक्रियता के चलते ही कमिश्नरेट पुलिस ने वारदात का खुलासा किया।
एनकाउंटर में घायल संदीप मलिक की हालत नाजुक
गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात वेबसिटी थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर के दौरान संदीप मलिक नामक पुलिसकर्मी भी लुटेरों की गोली लगने से घायल हो गया था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।