गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री केपी मलिक पिलखुवा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विभू बंसल के कविनगर स्थित आवास पर पहुंचे। मंत्री के आगमन पर बंसल परिवार की ओर से उनका सनातन परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर केपी मलिक के पुत्र साहिल मलिक भी साथ में रहे।
परिवार की वरिष्ठ सदस्य एवं विभू बंसल की दादी तथा उनकी माताजी ने भी मंत्री केपी मलिक एवं उनके पुत्र साहिल मलिक का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विषयों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता एवं अन्य लोग भी आवास पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पिलखुवा नगर पालिका अध्यक्ष विभू बंसल की गाजियाबाद में राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता लगातार दिखाई दे रही है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी तथा लगातार जनसंपर्क को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं चल रही हैं। विभू बंसल के समर्थकों का कहना है कि वह लंबे समय से सामाजिक संपर्क और जनसेवा से जुड़े रहे हैं। पिलखुवा नगर पालिका के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने जितना विकास कराया है उससे जनता में काफी अच्छा संदेश है। विभू बंसल का परिवार लंबे समय से संघ से जुड़ा बताया जाता है और उनकी दादी के संघ से पुराने जुड़ाव की चर्चा भी राजनीतिक हलकों में होती रही है। अब सवाल यह है कि गाजियाबाद में लगातार बढ़ती उनकी सक्रियता महज सामाजिक संपर्क तक सीमित है या इसके पीछे भविष्य की कोई राजनीतिक भूमिका भी आकार ले रही है? फिलहाल इसका जवाब तो आने वाला समय देगा। बहरहाल, राजनीतिक क्षेत्रों में विभू बंसल की सक्रियता जरूर कुछ बड़ा संदेश दे सकती है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता पृथ्वी सिंह कसाना, क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार नागर, संदीप बंसल, सीपी तालियान, युग करवट के एडिटर इन चीफ सलामत मियां, जाने-माने शायर और कवि राज कौशिक, सचिन कोहली, यशोदा अस्पताल से आशीष अग्रवाल, पत्रकार विपिन चौधरी, अंकुर अग्रवाल, गौरव गर्ग मौजूद रहे।