गाजियाबाद (युग करवट)। पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव गालंद निवासी पूर्व प्रधान कालू के पुत्र अतुल की गोली मारकर उस समय हत्या कर दी गई जब वह भोजपुर में आयोजित विवाह समारोह में हिस्सा लेने गया था। अतुल की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पूर्व प्रधान कालू ने बताया कि शादी समारोह के दौरान उनके पुत्र का विवाद मंजीत व उसके साथियों से हो गया था। लौटते समय रिलायंस पेट्रोल पंप के मंजीत व उसके दोस्तों ने गोली मारकर उनके पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। इस संदर्भ में कप्तान का कहना है अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।