गाजियाबाद (युग करवट)। चार दिन पूर्व क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हुई कैशवैन लूट के खुलासे के लिये कमिश्नरेट पुलिस जहां दिन रात एक कर रही है वहीं पुलिस की कई टीम ने दिल्ली एनसीआर समेत पांच स्थानों/शहरों में डेरा डाल रखा है। सूत्रों व पुलिस से छनकर आ रही सूचना पर अगर विश्वास करें तो इस सनसनीखेज लूट के पीछे पेशेवर लुटेरों के एक संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। कल तक तो पुलिस की शक की सुई इंडिया वन के वर्तमान व पूर्व कर्मचारियों तक ही था लेकिन जब पुलिस ने इस प्रकार की लूट करने वाले शातिर अपराधियों की कुंडली खंगाली और अपने मुखबिर नेटवर्क का बड़े स्तर पर उपयोग किया तो यह पता चला कि इंडिया वन वित्तीय संस्था की कैश वैन लूटने में ऐसे संगठित गिरोह के आधा दर्जन बदमाशों का हाथ हो सकता है कि जो छोटी मोटी लूट ना करके बड़े हाथ मारने की फिराक में थे। अपनी इस योजना को अमल में लाने के लिये ये बदमाश पिछले कई माह से बैंकों एव इडिया वल जैसी वित्तीय संस्थाओं की कैशवैन्स की रैकी कर रहे थे। पिछले कुछ समय से इस गिरोह ने इंडिया वन की कैश वैन को टारगेट पर ले लिया था। सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज से रैकी का पता चला। सूत्रों का कहना है कि पुलिस व लूट करने वाले कई लुटेरों के बीच की दूरी बस कुछ इंच की ही रह गई है लेकिन अभी दो-तीन बदमाश पुलिस के साथ आंख मिचोली कर रहे हैं। सूत्रों का तो यह भी कहना है कि पुलिस व बदमाशों की बीच कभी भी मुठभेड़ हो सकती है।