नोएडा (युग करवट)। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के निर्माणाधीन एक हॉस्टल में शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित बदमाश को थाना पुलिस ने आज एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन एक हॉस्टल में माली का काम करने आए शीशपाल 25 वर्ष तथा इंद्रपाल 50 वर्ष की फावड़ा से काटकर हत्या कर दी गई थी। उनके साथ अभिषेक नामक 24 वर्षीय युवक भी काम करने आया था। वह घटना के समय से फरार था।जांच में पता चला कि अभिषेक ने दोनों की फावड़े से काटकर हत्या की, तथा मौके से भाग गया है। अभिषेक की तलाश में पुलिस की कई टीम में लगी थी। आज सुबह को पुलिस को पता चला कि वह रेलवे लाइन के पास भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर से गोली चलाई। पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गई गोली अभिषेक के दाहिने पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा, कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक शीशपाल ने उसकी बहन के लिए कुछ अपशब्द कह दिए थे। उसकी नाबालिक बहन से मृतक शीशपाल के अवैध संबंध थे। वर्ष 2023 में उसकी बहन की किसी वजह से मौत हो गई थी। घटना वाले दिन शीशपाल ने शराब के नशे में उसकी बहन के लिए काफी अपमानजनक बातें कहीं। अभिषेक ने अपमान का बदला लेने के लिए खुद कम शराब पी तथा दोनों को ज्यादा पिलाई। जब दोनों बेहोश होकर सो गए तो उसने शीशपाल व इंद्रपाल की हत्या कर दी।