गाजियाबाद (युग करवट)। राजनीति में भीड़ जुटाना किसी भी नेता की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। सत्ता, संगठन या बड़े पद पर बैठे नेताओं के कार्यक्रमों में भीड़ जुटना सामान्य बात होती है, लेकिन बिना किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक पद पर रहते हुए हजारों लोगों को एक मंच पर जोड़ देना हर किसी के बस की बात नहीं होती। साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जो आज भी केवल अपने व्यक्तिगत जनसंपर्क और लोकप्रियता के दम पर बड़ी भीड़ जुटाने की ताकत रखते हैं। कल 10 मई को वसुंधरा सेक्टर-7 और 8 के मैदान में आयोजित होने वाला भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव इसी ताकत का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है कि इस आयोजन में हजारों लोगों की मौजूदगी देखने को मिल सकती है। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। साहिबाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक रहे अमरपाल शर्मा ने लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। समर्थकों का कहना है कि जनता से उनका सीधा जुड़ाव, हर वर्ग के लोगों के बीच लगातार सक्रियता और व्यक्तिगत संबंध ही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी हैं। जानकारी के अनुसार परशुराम जन्मोत्सव के इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ यह आयोजन अमरपाल शर्मा की सामाजिक और राजनीतिक ताकत का संदेश देने वाला भी माना जा रहा है। आपको याद होगा कि अमरपाल शर्मा ने जब पहला चुनाव निर्दलीय के रूप में लड़ा था तब २५ हजार से अधिक वोट लाकर अपनी मजबूत पकड़ का अहसास कराया था और तब से लेकर आजतक उनकी सियासी जमीन मजबूत होती जा रही है।