लूट में प्रयुक्त किये गये ३ वाहन हुए बरामद
पुलिस कर रही है ३ संदिग्धों से पूछताछ, लूटे गये मोटे कैश की तलाश
ठ्ठ पुलिस के रडार पर आए मास्टरमाइंड व दो लुटेरे
गाजियाबाद (युग करवट)। तीन दिन पूर्व क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णानगर बागू में स्थित इंडिया वन नामक वित्तीय संस्था के एटीएम में कैश भरने गई कैशवैन की फिल्मी स्टाइल में हुई लूट के दौरान बदमाशों ने पुलिस की आंख में धूल झोंकने के लिये दो कार समेत कई वाहनों का प्रयोग किया। सूत्रों के अनुसार धूम २ फिल्म वाली स्टाइल में लुटेरों ने गाजियाबाद की सीमा के अंदर ही कई वाहन बदले थे। सूत्रों की माने तो लूट के खुलासे के लिये एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर की अगुवाई में लगी पुलिस जहां तीन संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है वहीं दो वाहनों को बरामद भी कर चुकी है। अब पुलिस के रडार पर लूट का मास्टमाइंड व दो लुटेरे भी आ गये हैं। सूत्रों का तो यह भी कहना है कि लूटी गई धनराशि बरामद होते ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हो सकता है। सूत्रों की माने तो कैश वैन लूट की उल्टी गितनी शुरू हो गई है। उक्त सनसनीखेज लूट की वारदात के बाद सीपी जे रविंदर गौड के निर्देश पर पुलिस की आधा दर्जन टीम बनाई गई थी। इन टीम की अगुवाई श्री नैय्यर खुद कर रहे हैंं। इन मिशन में सीपी की स्वॉट टीम भी लगी हुई है। इस वारदात का खुलासा कब तक होगा जब इस बारे में एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था राजकरन नैय्यर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं जिनकी बिन्हा पर कहा जा सकता है कि लूट कारित करने वाले बदमाश जल्द ही सही अंजाम तक पहुंच जायेंगे।