बनाई जाएंगी हेल्प डेस्क, लीगल एडवाइजर भी रहेंगे मौजूद
लॉ कॉलेज के छात्र भी देखेंगे लोक अदालत की कार्रवाई
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नौ मई को राष्टï्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। इससे पूर्व छह मई, सात मई और आठ मई को स्पेशल लोक अदालत का आयोजन भी किया जा रहा है। इन लोक अदालत में बिजली, आरटीओ, पेंशन से सम्बंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा बनौधिया ने बताया कि लोक अदालत के आयोजन का उद्देश्य अदालतों के लंबित मामलों को कम करना और ऐसे मामलों का निस्तारण करना है जो जुर्माना आदि से निपटाए जा सकते हैं। इसके लिए पहले छह से आठ मई तक स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इन मिनी लोक अदालतों में प्राथमिकता पर बिजली विभाग, आरटीओ से सम्बंधित मामले रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोर्ट में लगातार बिजली व आरटीओ से सम्बंधित मामले आते थे, ऐसे मामलों की संख्या सैंकड़ों में हैं, ऐसे में विशेष अदालतों में इन मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा जिन विभागों के मामले सबसे अधिक लम्बित चल रहे होंगे, उन्हें भी मिनी लोक अदालतों में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली बार लोक अदालत में इन विभागों की हेल्प डेस्क भी लगाई जाएगी। ताकि मामलों का निस्तारण कराने आने वाले लोगों को बेवजह इधर-उधर न भटकना पड़े। लोग सीधे हेल्प डेस्क पर आकर मामलों के बारे में जान सकेंगे। इसके अलावा लीगल एडवाइजर भी लगाए जाएंगे जिससे अगर किसी को कानूनी सलाह चाहिए होगी, तो वह उन्हें तत्काल मिल सके। सचिव ने बताया कि इसके अलावा लोक अदालत में लॉ कॉलेज के छात्रों को भी बुलाया गया है ताकि वह देख सकें कि लोक अदालत में किस तरह से मामलों का निस्तारण किया जाता है। क्योंकि आने वाले समय में लॉ कॉलेज के छात्र कानून के जानकार बनेंगे और देश के विकास में अपना योगदान देंगे। इसके लिए लॉ कॉलेजों में भी लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सचिव नेहा बधौनिया ने बताया कि लोक अदालत के जरिए प्रयास है कि अधिक मामलों का निस्तारण किया जा सके, इसके सभी सम्बंधित विभागों से लगातार समन्वय बैठके की जा रही हैं, विभागों से भी अपील की गई है कि अधिक से अधिक लोक अदालत का प्रचार करें।