जुलाई तक मधुबन बापूधाम आरओबी होगा पूरा
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मधुबन बापूधाम आरओबी शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों को अब जल्द राहत मिलने वाली है। जून तक रेलवे ने अपने हिस्से का काम पूरा करने का वायदा जीडीए से किया है। इसके बाद जीडीए अपने हिस्से का काम पूरा कर इस आरओबी को आम जनता के खोल देगा। इस आरओबी के शुरू होने से करीब पांच लाख लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। करीब 90 करोड़ की लागत से इस आरओबी का निर्माण किया जा रहा है।
बता दें कि मार्च 2026 में इस आरओबी के पूरा होने का दावा जीडीए अधिकारियों द्वारा किया गया था। लेकिन रेलवे की सुस्ती के कारण रेलवे लाइन पर बनने वाले पुल के हिस्से का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया, जबकि जीडीए ने अपने हिस्से का काम पूरा कर लिया है। जो देरी हो रही है वह रेलवे की ओर से हो रही है। सेतु निगम द्वारा इस आरओगबी के निर्माण कार्य को सितम्बर में पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन रेलवे द्वारा देरी करने पर इसकी डेडलाइन मार्च तक बढ़ा दी गई, लेकिन इसके बाद भी रेलवे की ओर से निर्माण कार्य सुस्त रफ्तार से किया गया इसके बाद इसकी अवधि और बढ़ा दी गई है।
जबकि अब तक 6500 मीटर लंबे और चार लेन के इस आरओबी के दोनों ओर सेतु निगम की ओर से एप्रोचेज करीब सात माह पूर्व ही निर्मित किए जा चुके हैं। रेलवे की ओर से पटरियों के ऊपर का पैनल रखने में पहले से ही देरी की जा रही थी। इस वजह से आरओबी को तैयार करने में बार-बार समयसीमा बढ़ती जा रही है। कार्य की रफ्तार कछुआ गति की तरह है। रेलवे ट्रैक के दोनों ओर सेतु निगम ने 75 फीसदी काम पूरा कर लिया था। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने बताया कि रेलवे की ओर से तीस जून तक आरओबी पर अपने हिस्से का काम पूरा करने का वायदा किया गया है। तीस जून के बाद कार्यदायी संस्था अपने हिस्से का काम जल्द से जल्द पूरा करेगी, इसके बाद जुलाई या अगस्त तक यह आरओबी पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। जीडीए की मश्ंाा है कि विकास कार्य समय से पूरे हों। इसलिए लगातार रेलवे अधिकारियों से सम्पर्क कर निर्माण कार्य को पूरा कराया जा रहा है। इस आरओबी के बनने से मेरठ रोड से हापुड रोड के बीच बेहतर कनेक्टिविटी होगी।
मेरठ जाने वालों को काटना पड़ता है 14 किमी का रास्ता
गाजियाबाद होते हुए हापुड़ से मेरठ आने जाने वालों को करीब 14 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है। इसका निर्माण होने लोगों के समय की भी बचत होगी। आरओबी 600 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। 75 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
कई कॉलोनियां के निवासियों को मिलेगा सीधा फायदा
आरओबी बनने से हापुड़ रोड और दिल्ली-मेरठ रोड आपस में जुड़ जाएंगे। हरसांव पुलिस लाइन से मधुबन बापूधाम से आने वाला मार्ग सीधा दिल्ली-मेरठ हाईवे से जुड़ जाएगा। आरओबी का सीधा लाभ मधुबन बापूधाम के आसपास गोविंदपुरम, स्वर्ण जयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम, डासना, मसूरी, सदरपुर गांव, बालाजी एंक्लेव सहित अन्य कॉलोनियों के लोगों को मिलेगा।