गाजियाबाद (युग करवट)। सांसद अतुल गर्ग ने सोमवार को जारी हुए चुनावी नतीजों को पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ लाइव देखा। सुबह से ही सांसद टीवी के सामने चुनावी नतीजे देखने बैठ गए थे। बंगाल में भाजपा के पक्ष में आ रहे चुनावी नतीजों को लेकर उन्होंने बताया कि वह चुनाव के दौरान 18 दिन बंगाल के दौरे पर रहे थे, महाभारत का युद्घ भी 18 दिन तक चला था, और आज नतीजे सबके सामने है। उन्होंने कहा कि हम नहीं मानते कि बंगाल में हिन्दू-मुसलमान को लेकर चुनाव हुआ, हिन्दू या मुसलमान की जीत हुई बल्कि महिलाओं के अपमान, टीएमसी की गुंडई और ममता बनर्जी की गुंडई के खिलाफ जीत हुई है। जिस तरह से ममता ने बंगाल में गुंडई कर लोगों में आंतकित कर रखा था, उसके खिलाफ भाजपा की एकतरफा जीत हुई है। यह अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भरोसे की जीत हुई है। चुनाव आयोग की दृढ़ता और निष्पक्षता की जीत हुई है। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि 2021 में भी हम बंगाल चुनाव जीतते, लेकिन उस समय फर्जी वोट हुआ, लाखों की संख्या में फर्जी लोगों द्वारा वोट डाले गए। लेकिन एसआईआर के बाद निष्पक्ष वोटिंग हुई और यह जीत हासिल हुई है। टीएमसी से वहां की जनता भयभीत थी, जिसके खिलाफ उन्होंने वोट डाला। सांसद ने कहा कि अब तीन दिन पहले का बंगाल देखना और तीन दिन बाद का बंगाल देखना, फर्क स्पष्टï पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में महिलाओं के साथ इतनी ज्यातियां हुईं,इसको बयान नहीं किया जा सकता है।
यह सब उन पीडि़त लोगों के भरोसे की जीत है। बता दें कि सांसद आवास पर सुबह से ही चुनावी नतीजे देखने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं का तांता लगा। विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक संजीव शर्मा, पूर्व मेयर आशु वर्मा सहित अन्य नेताओं ने चुनावी नतीजो को देखा।