असम और पुडुचेरी में भाजपा को बहुमत, केरल में यूडीएफ, तमिलनाडू में टीवीके जीती
नई दिल्ली (युग करवट)। देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। रुझानों में बंगाल में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं टीएमसी 100 के आंकड़े के नीचे आ गई है। केरल में यूडीएफ गठबंधन जीत की तरफ बढ़ रहा है। असम में भाजपा प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में इतिहास रच दिया तो असम में सत्ता अपने पास रखी है। पुडुचेरी में भी भाजपा को स्पष्टï बहुमत मिलता दिख रहा है। पश्चिम बंगाल में मतदाताओं ने टीएमसी पर कोई ममता नहीं लुटाई। दोपहर तक आए रुझानों में भाजपा 193 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी 95 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। बंगाल में सबसे बुरा हाल कांग्रेस का रहा। कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पा रही है। यही हाल लेफ्ट का भी है। पश्चिम बंगाल में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन होता दिख रहा है। राज्य की सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की विदाई लगभग तय हो गई है। भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाती दिख रही है। पश्चिम बंगाल की राजनीति लंबे समय से क्षेत्रीय बनाम राष्ट्रीय दलों की लड़ाई का मैदान रही है। अब तक के परिणामों को देखें तो इस बार भाजपा ने न केवल अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया, बल्कि चुनावी रणनीति, नैरेटिव और बूथ स्तर तक पहुंच में भी महत्वपूर्ण सुधार किया। इसका असर उसकी सीटों की संख्या पर दिख भी रहा है।
यूडीएफ की बढ़त के बीच कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल
केरल विधानसभा चुनावों की मतगणना के अंतिम चरण में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जोरदार बढ़त के साथ राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया है। रुझानों के मुताबिक यूडीएफ करीब 96 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि वाम मोर्चा 35और भाजपा 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
असम में भाजपा हैट्रिक पर
असम की जनता ने हेमंतबिस्व सरमा पर ही विश्वास जताया है। सरमा तीसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। असम में भाजपा 98, कांग्रेस 26 और एआईडीयूएफ दो सीटो पर आगे थी।
विजय थलपति ने किया हैरान
सबसे हैरान कर देने वाले परिणाम तमिलनाडू से आए हैं। यहां दो साल पहले ही राजनीति में आए विजय थलपति ने गजब का प्रदर्शन किया है। दोनो प्रमुख दल द्रमुक और अन्नाद्रमुक इतिहास का सबसे बुरा प्रदर्शन कर रहे हैं। टीवीके जहां 110 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है वहीं, द्रमुक 61 और अन्नाद्रमुक 63 सीटो ंपर सिमटी दिख रही है।
पुडुचेरी में एनडीए सरकार
केन्द्र शासित पुडुचेरी में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। यहां एनडीए को 19 सीटों पर बढ़त प्राप्त है।
ममता बनर्जी के घर के बाहर लगे जय श्रीराम के नारे
बंगाल में टीएमसी नेता ममता बनर्जी के घर के बाहर जय श्रीराम के नारे लगाए गए। आरोप है यह नारेबाजी भाजपा के कार्यकर्ताओं ने की। उधर चुनाव परिणाम के रुझान आते के साथ ही टीएमसी के पार्टी मुख्यालय पर सन्नाटा परस गया। वहां ना कोई नेता दिखा ना कार्यकर्ता।
निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने की पूरी कोशिश की: सीईओ
मतगणना को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, हमने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश की है। हमने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि अधिक से अधिक लोग मतदान के लिए बाहर आएं। हम इतने आश्वस्त थे कि हमने चुनाव आयोग से एक ही चरण में चुनाव कराने तक की बात कही थी क्योंकि हम पूरी तरह तैयार थे। आने वाले समय में चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतों की दोबारा गणना केवल उन्हीं परिस्थितियों में की जाएगी, जिनमें नियमों के तहत इसकी अनुमति हो।
इस बारे में निर्वाचन अधिकारी अच्छी तरह से अवगत हैं।