गाजियाबाद (युग करवट)। नौ अप्रैल को गोली मारकर की गई जितेंद्र चौहान निवासी ओम गेट बम्हैटा की हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए कविनगर थाने के एसएचओ अनुराग शर्मा की टीम ने चार हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये अभियुक्तों के पास से मर्डर में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचे और कारतूस बरामद हुए। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि ९ अप्रैल का शीतल चौहान ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों ने उसके पति जितेंद्र चौहान की हत्या गोली मारकर कर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके वारदात के खुलासे के प्रयास करने शुरू कर दिये थे। कविनगर थाने के एसएचओ अनुराग शर्मा की टीम के द्वारा की गई जांच के दौरान यह बात सामने आई कि जितेंद्र की हत्या उसके ममेरे भाई गौरव निवासी छलेसर गोदा अलीगढ़ ने अन्य तीन रिश्तेदारों की मदïद से की है। उनमें एक बाल अपचारी भी है। उसके बाद पुलिस ने गौरव के अलावा बोबी व उसके पुत्र विशांत निवासी हाजीपुर सिंभावली हापुड़ के अलावा बाल अपचारी को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गौरव ने बताया कि जितेंद्र बदचलन था। उसने जहां उसकी बहन व मां के इज्जत पर हाथ डाला था वहीं जितेंद्र ने अपने भांजे विशांत की पत्नी पर भी हाथ डाला था। इतना ही नहीं मृतक उनकी पिटाई करके कई बार बेईज्जती भी कर चुका था। इस अपमान का बदला लेने के लिये उन्होंने योजना बनाकर जितेंद्र चौहान को डायमंड फ्लाईओवर पर बुलाया और फिर उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।