गाजियाबाद (युग करवट)। कमिश्नरेट में शराब पीकर तूफानी गति से कार दौड़ाने वालों की सनक राहगिरों व अन्य वाहन चालकों के लिये यमदूतों की शक्ल अख्तियार कर चुकी है। आये दिन होने वाली जानलेवा हादसों की श्रंखला में एक कड़ी और उस समय जुड़ गई कि बीती रात तूफानी गति से दौड़ रही कार ने पहले तो एल्ट सेंटर कट पर कई वाहनों को टक्कर मारी और उसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
सूत्रों के अनुसार इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही एसओ मधुबन बापूधाम राम किशन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर बचाव कार्य करने में जुट गये। जानकारी के अनुसार दिल्ली की तरफ से मेरठ की और आ रहा ११४ बहलोलपुर नोएडा निवासी हर्ष शराब के नशे में अपनी बलेनो कार को तूफानी गति से भगा रहा था।
जब वो एल्टी कट के पास पहुंचा तो उसने तेजी के साथ यू टर्न लिया। जिसकी वजह से उसकी कार ने मेरठ की और से रही और कार व बाईक समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां हर्ष घायल हो गया वहीं और कार में सवार एमसीसी राजनगर एक्सटेंश्न निवासी अमन दीप, पल्लवी पत्नी विपिन सिंह व देवत उर्फ देवव्रत के अलावा कई अन्य वाहन चालकों को भी गंभीर चोटें आई।