वार्ता के लिए कल इस्लामाबाद पहुंचेगा यूएस प्रतिनिधि मंडल
नई दिल्ली (युग करवट)। ईरान और अमेरिका में जारी तनाव के बीच अब एक बड़ी कूटनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। दोनों देशों के बीच अगले दौर की बातचीत इस्लामाबाद में हो सकती है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन जमीन पर हो रही गतिविधियां इस ओर इशारा कर रही हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों बताया कि अमेरिकी सैन्य विमान रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस पर उतरे हैं। यह एयरबेस इस्लामाबाद के बेहद करीब है। इसके साथ ही एयरपोर्ट से इस्लामाबाद के रेड जोन तक जाने वाली सडक़ों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे साफ है कि सुरक्षा इंतजाम काफी कड़े किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, इस्लामाबाद के बड़े होटलों खासतौर पर सेरेना होटल और मैरियट होटल को भी खाली कराया जा रहा है। नए बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि अमेरिका का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को इस्लामाबाद पहुंच रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिकी डेलिगेशन सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचेगा, जिसमें विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बार अमेरिकी डेलिगेशन का हिस्सा नहीं होंगे। पहले दौर की वार्ता में उन्होंने अमेरिकी टीम का नेतृत्व किया था, जिसमें विटकॉफ और कुशनर शामिल थे।
हालांकि, 24 अप्रैल को शुक्रवार पड़ रहा है लेकिन दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर 21 अप्रैल को खत्म हो रही है। अभी स्पष्ट नहीं है कि सीजफायर को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं, जहां ट्रंप इसे आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के प्रतिनिधि पिछले दौर की बातचीत के बाद से लगातार इस्लामाबाद के जरिए संपर्क में हैं और कोशिश है कि अगले दौर से पहले एक मैक्सिमम अंडरस्टैंडिंग बना ली जाए।