नई दिल्ली (युग करवट)। किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ के शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मुलाकात की। 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए विश्व नेताओं के साथ पीएम मोदी ने ग्रुप फोटो में हिस्सा लिया। इसके बाद दोनों ही नेताओं ने साथ में चहलकदमी करते हुए एक-दूसरे का हालचाल लिया। दिलचस्प बात ये रही कि इस दौरान ग्रुप फोटो का हिस्सा रहे पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ भी वहां हाथ बांधे खड़े थे। तमाम वैश्विक नेता तस्वीर खिंचाने के लिए एक साथ खड़े हुए। इसके बाद जब सभी लोग बाहर जाने लगे तो इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बातचीत हुई। वहीं, पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ की ओर उन्होंने ध्यान तक नहीं दिया। भारत और चीन के रिश्तों में वर्ष 2020 के बाद से तनाव बना हुआ है। जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना के बाद सीमा पर सैन्य तनाव बढ़ गया और द्विपक्षीय संबंधों पर भी इसका असर पड़ा। इसके बाद दोनों देशों ने सीमा से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए कई दौर की सैन्य और कूटनीतिक बातचीत की है। हालांकि, सीमा विवाद भारत-चीन संबंधों में अब भी एक अहम मुद्दा बना हुआ है।