नई दिल्ली (युग करवट)। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई मारपीट का मामला फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया है कि संजय कुमार के सिर पर वार उसी ने किया था। साथ ही, उसने राजनीतिक प्रभाव के चलते अपने खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही है। वीडियो सामने आने के बाद अब इस मामले को लेकर सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य लोग पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ चंद्रशेखर आजाद संसद मार्ग थाने पहुंचे। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके एक समर्थक के पिता संजय के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें उनके सिर पर चोट लगी थी। उन्होंने कहा कि सौरव और उनकी पूरी टीम लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग करती रही, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आशुतोष रांका ने कहा कि अब घटना में शामिल लोग खुले तौर पर संजय पर हमला करने और उन्हें मारने की कोशिश करने की बात स्वीकार कर रहे हैं। इसके बावजूद, कपिल मिश्रा और बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रभाव में दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।