लखनऊ (युग करवट)। बसपा की बैठक में पार्टी प्रमुख प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को पद से हटा दिया। उसी दौरान आकाश के भाई ईशान पार्टी का पटका पहनकर बैठक में मौजूद थे। ईशान का लोगों ने पहली बार पार्टी के किसी कार्यक्रम में देखा है। इसी से यह सवाल उठाया जा रहा है कि कहीं आकाश के स्थान पर ईशान को तो नहीं लाया जा रहा है। बसपा प्रमुख की अलग राजनीतिक स्टाइल है। यह तौर-तरीका न सिर्फ उनके करीबियों बल्कि कई बार उनके विरोधियों तक को हैरान करता है। मायावती कब किसे बसपा से बाहर का रास्ता दिखाकर पैदल कर दें और कब किसे फर्श से अर्श पर पहुंचा दें, इसका अंदाजा लगाना नामुमकिन होता है। मायावती की इस अलग स्टाइल का शिकार उनकी पार्टी के कई दिग्गज हो चुके हैं और अब इस फेहरिस्त में एक बार फिर से आकाश आनंद का नाम जुड़ा है। यह तीसरा मौका है जब आकाश आनंद को इस तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है वहीं, इस बैठक में आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद की मौजूदगी ने नए राजनीतिक कयासों को जन्म दे दिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि मायावती आखिर आकाश आनंद पर क्यों भरोसा नहीं जता पा रही हैं और क्यों सारे पद छीनकर पैदल कर दिया है?