गाजियाबाद (युग करवट)। यशोदा मेडिसिटी ने जिला अस्पताल के साथ एआई आधारित ई-आईसीयू कमांड सेन्टर की शुरूआत की है। इस कमांड सेन्टर का शुभांरभ केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रिमोट का बटन दबाकर किया।
यहअत्याधुनिक सिस्टम यशोदा मेडिसिटी के बेस कमांड सेंटर को एमएमजी जिला अस्पताल के आईसीयू से जोड़ेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम रियल-टाइम में मरीजों के डेटा का विश्लेषण करेगा और स्थिति बिगडऩे की आशंका पर तुरंत अलर्ट जारी करेगा। इससे विशेषज्ञ डॉक्टर दूर बैठकर भी निगरानी कर सकेंगे और समय पर चिकित्सकीय निर्णय लिए जा सकेंगे। यशोदा ग्रप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन व एमडी डॉ.पीएन अरोड़ा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है और यह कमांड सेंटर उसी दिशा में एक अहम कदम है। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शुभांग अरोड़ा ने बताया कि यह सिस्टम कनेक्टेड अस्पतालों में आईसीयू सेवाओं को मजबूत करेगा और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। ग्रुप की डायरेक्टर डॉ. उपासना अरोड़ ने कहा कि यह पहल यशोदा फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए मरीजों के बड़े पैमाने पर डेटा को एकीकृत डैशबोर्ड पर मॉनिटर किया जाएगा। भविष्य में इस मॉडल को अन्य जिला अस्पतालों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों को उनके नजदीकी अस्पताल में ही विशेषज्ञ परामर्श और निगरानी मिल सके। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत अब पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से आगे बढक़र डिजिटल और एआई-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की ओर अग्रसर है। उन्होंने यशोदा मेडिसिटी की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे बहु-विशेषज्ञता सेवाओं के साथ आधुनिक एआई आधारित उपचार सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने यशोदा मेडिसिटी द्वारा जिला अस्पताल को गोद लेने की पहल को भी सराहना की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियानों में अग्रणी रहा है। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया और स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा जब सरकारी योजनाओं के साथ निजी संस्थान भी कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें। यशोदा मेडिसिटी इस दिशा में एक आदर्श उदाहरण है। स्वास्थ्य मंत्री ने कमांड सेन्टर का अवलोकन भी किया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा की धर्मपत्नी मल्लिका नड्डा, सांसद अतुल गर्ग, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र शिशौदिया विधायक अजीत पाल त्यागी, मेयर सुनीता दयाल, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, भाजपा नेता जगदीश साधना, सीडीओ अभिनव गोपल, सीएमओ डॉ.अखिलेश मोहन, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष उपाध्याय आदि मौजूद रहे।