गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम के पांचो जोन के जोनल प्रभारी, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, कर निरीक्षक द्वितीय, टैक्स विभाग लिपिक तथा कंप्यूटर ऑपरेटर को नई संशोधित दरों के बारे में जानकारी देते हुए ट्रेनिंग दी। टे्रनिंग में बताया गया की सभी छूट के साथ शासन के नये आदेश में केवल 20 प्रतिशत से 21 प्रतिशत की वृद्धि हाउस टैक्स में हो रही है। ट्रेनिंग के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने टैक्स विभाग टीम से सीधा संवाद करते हुए जनहित में लागू हाउस टैक्स की नई संशोधित दरों की जानकारी दी। जल्द से जल्द सॉफ्टवेयर पर भी नई संशोधित दरों को अपलोड करने के निर्देश दिए गए जिसमें 10 दिन के भीतर कार्यवाही करने के लिए कहा गया। ज्यादा जमा हुआ टैक्स 3 वर्ष के भीतर तीन समान किस्तों में समायोजित किया जाएगा तथा तीन माह तक किसी भी करदाता पर 12 प्रतिशत का ब्याज नहीं लगाया जाएगा। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को लगातार टैक्स विभाग टीम की चल रही ट्रेनिंग की मॉनिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया गया टे्रनिंग के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके राय उपस्थित रहे।