गाजियाबाद (युग करवट)। प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा स्कूलों में कार्यरत शिक्षामित्रों के मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार किए जाने के बाद आज हिन्दी भवन में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जहां जिले के 451 शिक्षामित्रों को उनके बढ़े हुए मानदेय के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने किया। कार्यक्रम में विशिष्टï अतिथि के रूप में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, महापौर सुनीता दयाल, शहर विधायक संजीव शर्मा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकारों में स्कूलों में शिक्षामित्रों की क्या हालात थी, किसी से छिपी नहीं है। महज 3500 रुपए शिक्षामित्रों को दिए जाते थे, जिसमें वह स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने जाते थे। लेकिन हमारी सरकार ने शिक्षामित्रों की इस बदहाल स्थिति को बदलने का काम किया और उनके मानदेय में लगातार इजाफा करते हुए दस हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपए कर दिया ताकि उनकी ऑर्थिक स्थिति में सुधार आ सके। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत स्कूलों को कायाकल्प मिशन के तहत लगातार सुधार लाया जा रहा है। इस दौरान गोरखपुर से प्रसारित सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा ने किया। इस अवसर पर डीसी पवन भाटी, डॉ.राकेश कुमार, टिंक कंसल, अनुज त्यागी, विनीता त्यागी, कुणाल मुदगल आदि मौजूद रहे।