गाजियाबाद (युग करवट)। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सीकरी कला गांव में स्थित भीम राव अंबेडक़र की मूर्ति को अराजक तत्वों ने तोड़ दिया था। इस घटना का पता चलते ही गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया था। जिसके बाद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही जहां एसीपी मोदीनगर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में लग गये वहीं मोदीनगर नगर पालिका के चेयरमैन विनोद वैशाली भी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंच गये। उसके बाद चेयरमैन की अगुवाई में बाबा साहब की नई मूर्ति को मंगवाकर उसकी स्थापना की कवायद शुरू कर दी। इस घटना के संदर्भ में एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके उन अराजक तत्वों को आईडेंटीफाई करने का प्रयास करना शुरू कर दिया है कि जिन्होंने बाबा साहब की मूर्ति को तोडक़र फिजा को खराब करने की कोशिश की। श्री वर्मा ने बताया कि पहचान होने के बाद अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।