गाजियाबाद (युग करवट)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पूर्व सैनिकों ने शस्त्र लाईसेंस नवीनीकरण की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में अपने शस्त्र लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों की मांग थी कि काफी समय से वह लाइसेंस नवीनीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग को अनुसना किया जा रहा है।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सैनिक बीसी बंसल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, नार्थ ईस्ट में तैनाती के दौरान पूर्व सैनिकों को आम्र्स लाइसेंस दिए गए थे। अब जनपद में निवास कर रहे इन पूर्व सैनिकों को शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण में दिक्कतें आ रहे हैं। इसकी वजह से उन्हें शस्त्र रखने में मुश्किलें आ रही हैं। पूर्व में जिन जनपदों में लाइसेंस बने थे, वहां बिना लाइसेंस के शस्त्र ले जाना आसान नहीं है। पूर्व सैनिकों ने एडीएम न्यायिक के माध्यम से प्रदेश के सीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण किए जाने की मांग की। इस दौरान पूर्व सैनिक शस्त्र लेकर पहुंचे और जिला मुख्यालय गेट पर प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि अगर अब भी उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में सचिव सुरेन्द्र कुमार शर्मा, आरएन सिंह, महिपाल सिंह आदि पूर्व सैनिक मौजूद रहे।