गाजियाबाद (युग करवट)। हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के तत्वावधान में नवयुग मार्केट में चल रहा व्यापारियों का धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर लगातार बढ़ रही व्यापारियों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों की भागीदारी से आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। धरने को संबोधित करते हुए हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के आयोजक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई बेतहाशा वृद्धि जनता के हित में नहीं है। इससे पहले पी-ब्लॉक प्रताप विहार रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन तथा लाइनपार क्षेत्र वेलफेयर एसोसिएशन गाजियाबाद ने भी नवयुग मार्केट में चल रहे हाउस टैक्स विरोधी धरने को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। हाउस टैक्स विरोधी आंदोलन को अब सब्जी मंडी व्यापार मंडल, जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र, आजाद अधिकार सेना का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। आजाद अधिकार सेना के रवि समनिया द्वारा जारी समर्थन पत्र में नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई वृद्धि का विरोध करते हुए नवयुग मार्केट में चल रहे व्यापारियों के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया है। धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, रजनीश बंसल मंगली, सुभाष छाबड़ा, हरविंदर गांधी, सुभाष गुप्ता, प्रीतम लाल, गौरव बंसल, तिलक राज अरोड़ा, हिमांशु मित्तल, हरीश चौधरी, लोकेश कुमार, हर्ष, नितिन गोयल, मुनीन्द्र आर्य, बिजेंद्र यादव, सुनील चाचा, अभिषेक गर्ग, अमित वर्मा, मो कासिम, सोनू सिंघल, राजेंद्र आर्य, आम अवतार यादव, वी पी सिंह, शशांक गोयल उपस्थित रहे।