नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। परीक्षा में गड़बडिय़ों व बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से दस जुलाई को ‘फैक्ट्री कोटा गंूज’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। देश भर में यह अभियान चलेगा। अभियान को लेकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा व महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने संयुक्त प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि इस अभियान में पार्टी का यूथ विंग, एनएसयूआई और महिला विंग जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्रों को देश की शिक्षा व्यवस्था के बारे में बताएगी, साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से आंकड़े भी प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि छात्रों को परीक्षा की स्थिति के बारे में बताया जा सके। जिलाध्यक्ष ने बताया कि देश भर में यह अभियान शुरू हो चुका है, उत्तर प्रदेश में दस जुलाई को राहुल गांधी प्रयागराज पहुचेंगे, जहां इस अभियान की शुरूआत की जाएगी। राहुल गांधी इस दौरान छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उनकी समस्याएं जानेंगे बल्कि छात्रों के साथ परीक्षा की स्थिति पर भी चर्चा करेंगे। प्रेसवार्ता में सुरेन्द्र शर्मा, इस्माइल खां, राजकुमार शर्मा, हरेन्द्र बाबा, उदयपाल पाल, रवि सूर्या, आशुतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे।