स्वर्गीय तेलूराम काम्बोज को सम्मान देने के मामले में
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद के मेयर रहे स्वर्गीय तेलूराम काम्बोज को सम्मान देने के संबंध में युग करवट के नियमित कॉलम हाल-ए-शहर में लिखा गया था। जिसका शीर्षक था एक सडक़ के नामकरण के काबिल भी नहीं काम्बोज था। कॉलम में लिखा गया था कि खांटी भाजपाई और पत्रकार तेलूराम काम्बोज के नाम पर शहर में कोई सडक़ या पार्क नहीं है। भाजपा के किसी जनप्रतिनिधि ने या किसी नेता ने स्वर्गीय तेलूराम काम्बोज के नाम से सडक़ या पार्क का नामकरण करने की बात तक नहीं उठाई। जनसंघ के समय से राजनीति एवं पत्रकारिता कर रहे तेलूराम काम्बोज को गाजियाबाद नगर निगम सम्मान तक नहीं दे पाया था। कल दोपहर को युग करवट प्रकाशित हुआ और शाम को मेयर सुनीता दयाल ने प्रस्ताव बनाकर भेज दिया। प्रस्ताव में मेयर सुनीता दयाल ने लिखा है कि गाजियाबाद नगर निगम के मेयर रहे दिवंगत तेलूराम काम्बोज शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति, वरिष्ठ पत्रकार भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं। जिनका स्वभाव सादगीपूर्ण एवं सरल था। उन्होंने कर्मठता के साथ शहर में जनसेवा की, इसलिए राजनगर सेक्टर दो में पूर्व मेयर स्वर्गीय तेलूराम काम्बोज के घर की तरफ जाने वाले मार्ग का नामकरण उनके नाम पर करना एक सच्ची श्रद्घांजलि होगी। इस विषय को नगर निगम बोर्ड में स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाए।