नोएडा (युग करवट) यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया है। उनका वर्तमान पुनर्नियोजन कार्यकाल 30 सितंबर 2026 को पूरा हो रहा था। शासन के निर्णय के बाद अब वह 30 सितंबर 2027 तक यीडा के सीईओ के पद पर बने रहेंगे। राकेश कुमार सिंह के पास यीडा के साथ जेवर एयरपोर्ट से संबंधित संस्था की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी। राकेश कुमार सिंह को दूसरी बार सेवा विस्तार ऐसे समय मिला है, जब यमुना क्षेत्र उत्तर प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है। जेवर एयरपोर्ट, औद्योगिक निवेश, यमुना सिटी, लॉजिस्टिक्स हब, संस्थागत परियोजनाएं और नई शहरी विकास योजनाएं इस क्षेत्र के भविष्य को बदलने वाली परियोजनाएं हैं। उल्लेखनीय है कि आरके सिंह जिस पद पर भी रहे हैं उन्होंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी को पूरी मुस्तैदी के साथ निभाया है यही कारण है कि उनका फिर सेवा विस्तार किया गया है।