हापुड़ (युग करवट)। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गढ़ गंगा मेला पहुंचे। सीएम ने निरीक्षण के दौरान मेले की व्यवस्थाओं को परखा और मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, घाटों पर साफ.सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले की तैयारियों को परखने के लिए आज सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेला स्थल पहुंचे थे। यहां उन्होंने करीब दस मिनट तक गंगा घाट और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इसके बाद उन्होंने हापुड़ और अमरोहा के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की।