गाजियाबाद (युग करवट)। मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नाहल की झाल के पास स्थित नीले पुल पर मौजूद पति पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद युवक गंगनहर में कूद गया। लेकिन जब युवती नहर में कूदने लगी तो वहां पर मौजूद लोगों ने उसे जम्प लगाने से बचा लिया। उसके बाद स्थानीय लोगों ने उक्त घटना की सूचना मसूरी थाना पुलिस को दे दी।
इस सूचना के मिलते ही एसएचओ मसूरी हरेंद्र सिंह रेस्क्यू एवं गोताखोरों की टीम के साथ नीले पुल पर पहुंचकर गंगनहर में कूदे २५ वर्षीय युवक की तलाश करने में जुट गये। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि आज सुबह डासना किला निवासी सादाब अपनी पत्नी २३ वर्षीय हीना के साथ बाईक से नीले पुल पर पहुंचा था। वहां पर दोनों में विवाद हुआ। विवाद के दौरान जब हीना गंगनहर में छलांग लगाने लगी तो सादाब उससे पहले ही गंगनहर में कूदकर गहरे पानी में समा गया। पुलिस के मुताबिक पूदताछ में युवती ने बताया कि नौ माह पूर्व उनकी लव मैरिज हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उन दोनों के बीच गृह क्लेश होने लगा था। आज वो दोनों गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने को आये थे। सादाब तो गंगनहर में डूब गया लेकिन उसे राहगिरों ने बचा लिया। इस संदर्भ में एसीपी मसूरी अजय कुमार का कहना है कि युवक की तलाश के लिये एनडीआरएफ कॉल की गई है। साथ ही हर एंगिल पर जांच की जा रही है।