अपहरण और हत्या के मुकदमे में आ गया नया मोड़
लोगों में चर्चा की जिसकी शिनाख्त गिरधर के परिजनों ने की वो कौन था
क्या इस कहानी के पीछे है कोई साजिश या फिर गिरधर के परिजनों की भूल
गिरधर व उसके परिजनों के अलावा अन्य कई से भी करेगी पुलिस पूछताछ
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कल्पना अपार्टमेंट वैशाली में रहने वाले जिस गिरधर सिंह बिष्टï नामक व्यक्ति का अंतिम संस्कार भी उसके परिजनों ने १३ जून को कर दिया था वह गायब होने के ३५ दिन बाद अचानक अपने घर पहुंच गया। गिरधर सिंह बिष्टï के वापस लौटने के बाद जहां उसके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं।
वहीं मसूरी व कौशांबी थाना पुलिस ने भी गिरधर सिंह बिष्टï के अलावा उसके परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ करनी शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक अब वह यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जिस शख्स की शिनाख्त गिरधर सिंह बिष्टï के परिजनों ने की थी वो व्यक्ति कौन था और उसकी हत्या किसने और क्यों की। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने की कवायद में लग रगई है कि ३५ दिन तक गिरधर सिंह बिष्टï कहां रहा। साथ ही पुलिस इस बिन्दू पर भी जांच कर रही है कि कहीं इस कहानी के पीछे कोइ साजिश तो नहीं है।
इस संदर्भ में जब एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवासतव से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कौशांबी थाने की पुलिस ने गिरधर सिंह बिष्टï को १६ मई को हुए झगड़े के बाद उसे शांति भंग करने की धारा में डासना जेल भेजा था। २१ मई को गिरधर जेल से छूटने के बाद लापता हो गया था। उस समय गिरधर सिंह बिष्टï के परिजनों ने उसके साथ किसी अनिष्टï घटना के घटने व उसका अपहरण होने की आशंका जताते हुए मसूरी थाने में एफआईआर भी कराई थी। एसीपी ने बताया कि १३ जून को मसूरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की डैडबॉडी मिली थी। उस समय गिरधर सिंह बिष्टï के परिजनों ने उस शख्स की पहचान गिरधर के रूप में की थी।
पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया था। अब पुलिस को सूचना मिली कि गिरधर सिंह बिष्टï अपने घर लौट आया है। उसके बाद पुलिस भी उसके घर पहुंचकर उससे पूछताछ करने में जुट गई। एसीपी ने बताया कि कई अनसुलझे सवालों का उत्तर तलाशने के साथ साथ पुलिस गिरधर सिंह बिष्टï के परिजनों और उसके परिचितों, जिन्होंने अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त गिरधर के रूप में की थी, पर वैधानिक कार्रवाई करेगी। जांच की प्रक्रिया को पूरी करने के बाद पुलिस इस प्रकरण की रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करेगी।