नई दिल्ली (युग करवट)। वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही हुई। राजधानी काराकास में कई इमारतें ढह गईं, एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने आपातकाल की घोषणा की है। राहत और बचाव कार्य जारी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है। राष्ट्रपति ने कहा है कि 32 मौतों की पुष्टि हुई है। कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने भूकंप के बाद तबाही के मद्देनजर देश को संबोधित भी किया। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में सरकार और संबंधित राहत और बचाव कार्य एजेंसियां हरसंभव मदद मुहैया करा रही हैं। रोड्रिगेज ने कहा, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले भूकंपों से प्रभावित इलाकों में बचावकर्मी इमारतों के मलबों में तलाशी ले रहे हैं। एजेंसियों के मुताबिक 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में आए दो बड़े भूकंपों पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के महान लोगों पर आए ये दोनों भूकंप बहुत बड़े स्तर के थे। और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। अमेरिका मदद के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भूकंप और उससे हुई तबाही पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा को लेकर अपनी संवेदनाएं साझा की हैं।
पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा वेनेजुएला में आए भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।