गाजियाबाद (युग करवट)। दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज सुबह के बारिश हुई, तो दूसरी तरफ कांवड़ यात्रियों की आवाजाही ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली, गाजियाबाद के कई मार्गों पर आज सुबह से ही भयंकर जाम रहा। यूपी गेट पर भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा। दिल्ली की ओर जाने वाली तीनों लेन पर ट्रैफिक रेंगरेंग कर चलता रहा। अचानक शुरू हुई बारिश और कांवड़ यात्रा की दोहरी मार से मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग गया। एक तरफ कांवड़ यात्रा और दूसरी तरफ ऑफिस जााने के समय पर बारिश होने से लोगों को देरी का सामना करना पड़ा। एनएच-09 गाजीपुर सीमा पर यातायात बहुत धीमी गति से चल रहा है। इस धीमी गति के कारण क्षेत्र में भारी यातायात दबाव बन गया है। गाजियाबाद यातायात पुलिस स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद है। पुलिस द्वारा यातायात का प्रबंधन किया जा रहा है ताकि सुचारु आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
यात्रियों को इस मार्ग पर देरी का सामना करना पड़ रहा है। आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को भी सूचित किया गया है। जाम दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस, यूपी गेट, खोड़ा अंडरपास, और नोएडा 62 गोल चक्कर तक पहुंच गया। कॉरिडोर समेत सर्विस मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। जीटी रोड पहले से ही कांवड़ यातायात के कारण दबाव में था। नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। यूपी गेट और एनएच-9 पर ट्रैफिक को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।