नई दिल्ली (युग करवट)। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज मालोजी राजे ने गजप्रस्थ के लिए संदीप त्यागी रसम को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया है। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज छत्रपति शाहूजी के सुपुत्र मालोजी राजे के साथ महाराष्ट्र भवन में अशोक रामचंदानी के साथ संदीप त्यागी रसम ने भेंट कर गजप्रस्थ विषय पर चर्चा की। वर्तमान गाजियाबाद नाम के शहर को 1740 में गजिउद्दीन ने गजप्रस्थ के नाम को बदलकर गाजिउद्दीन नगर किया। अंग्रेजों ने इसका नाम बदलकर गाजियाबाद किया। इस प्रकार 285 वर्ष में गजप्रस्थ अपने तीसरे नाम की पहचान के साथ जाना जाता है। अपनी सांस्कृतिक और पौराणिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए इस स्थान का पुराना नाम वापस दिलाना क्यों आवश्यक है इस विषय पर मालोजी राजे के साथ विस्तार से चर्चा की गई। मालेजी राजे ने संदीप त्यागी रसम को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संदीप त्यागी रसम के साथ सरदार बिक्रम सिंह, अशोक रामचंदानी, वीरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र पांडे उपस्थित रहे।