गाजियाबाद/मोदीनगर (युग करवट)। मोदीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली मेरठ मार्ग पर एक फार्मेसी के संचालक को ठगों ने 1.85 लाख रूपए का चूना लगा दिया। इस ठगी की वारदात की तहरीर देते हुए दवा का कारोबार करने वाले गौरव शर्मा निवासी देव नगर ने पुलिस को बताया है कि उसने राम मार्किट में शर्मा फॉर्मेसी के नाम से दवाईयों की होल सेल की दुकान खोल रखी है। गौरव शर्मा ने बताया कि मेरे पास अमित कुमार नाम का एक युवक आया और उसने अपने आप को मोदीनगर स्थित सीएचसी का कर्मचारी बताया। अमित कुमार ने 1.85 लाख रूपए की दवाईयों का आर्डर किया और भुगतान के लिए चैक दिया। इसके बाद दवाईयां उनके द्वारा बताए गए स्थान पर भेज दी गई। जब बैंक में उक्त चैक लगाया गया तो पता चला कि संबंधित खाता बैंक द्वारा पहले से ही ब्लॉक किया गया था। इसके बाद अमित से पैसे मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे है। पीडि़त ने इस संबंध में मोदीनगर थाने में तहरीर दी है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने अमित कुमार गुप्ता निवासी अज्ञात व इमरान निवासी कलछीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।