गाजियाबाद (युग करवट)। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद फायर सहित कई मानकों को पूरा न किए जाने पर बंद चल रहे कोचिंग सेन्टरों को लेकर कोचिंग एवं टयूटर्स एसोसिएशन ने जिला मुख्यालय पर पहुंचकर एडीएम एल को डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। कोचिंग संचालकों ने कहा कि कोचिंग सेन्टर बंद होने से जहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र प्रभावित हो रहे हैं। वहीं हजारो शिक्षकों, कर्मचारियों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संचालकों ने कहा कि अग्निकांड सिर्फ कोचिंग सेन्टर्स में नहीं होते, बल्कि आवासीय सोसायटी, कर्मिशयल प्रतिष्ठानों, बसों, कारखानों आदि में भी होते हैं तो फिर कार्रवाई सिर्फ कोचिंग सेन्टर पर ही क्यों की जाती है। अचानक कोचिंग सेन्टर बंद होने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि कोई भी नीति बनाते समय कोचिंंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएं। सिंगल विंडो के माध्यम से पंजीकरण व एनओसी जारी की जाएं। कोचिंग संस्थानों की स्पष्टï वैधानिक पहचान तय की जाए। ज्ञापन में रवि सिंह, अमित, विनय सिंह, गौतम आदि मौजूद रहे।