गाजियाबाद (युग करवट)। मेरठ रोड तिराहे पर जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस के संयुक्त इंट्रीग्रेटिड कंट्रोल रूम का शुभारंभ डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, डीसीपी धवल जायसवाल व नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किया। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि कांवड़ यात्रा पश्चिमी यूपी की सबसे बड़ी यात्रा है। इसमें लाखों की संख्या में शिवभक्त दिल्ली-मेरठ मार्ग से होकर गुजरते हैं। सभी विभागों, आम नागरिकों व स्वयंसेवी संगठनों के साथ ही मीडिया का भी सहयोग अपेक्षित है ताकि यह धार्मिक यात्रा पूरी आस्था और श्रद्घा से सम्पन्न हो सके। डीएम ने बताया कि इस कंट्रोल रूम से पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी की जा रही है।
इसके अलावा सभी विभागों के हेल्पलाइन नम्बर भी यहां से संचालित हैं, अगर कोई समस्या आती है तो तत्काल हेल्पलाइन नम्बर पर कॉल पहुंचने पर राहत पहुंचाने का काम किया जाता है। डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि कावंड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न हो, इसके लिए पुलिस मुस्तैदी से तैनात है। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस अवसर पर कहा कि कांवड़ मार्ग पर सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रखी जा रही है। 24 घंटे सफाई कर्मी कांवड़ मार्ग पर तैनात हैं ताकि कहीं अगर कोई गंदगी हो तो उसे तत्काल साफ किया जा सके। जलभराव वाली जगहों को भी तत्काल साफ किया जा रहा है। इस मौके पर सीडीओ कुमार सौरभ, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी,सिविल डिफेंस से अनिल अग्रवाल, दिव्यांशु सिंघल, दीपक अग्रवाल, राजेन्द्र शर्मा सहित नगरनिगम और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।