नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। आईएमए कॉलेज ऑफ जनरल प्रैक्टिशनर्स के तत्वाधान में आईएमए यूपी व आईएमए गाजियाबाद द्वारा रविवार को नॉर्थ जोन नेशनल आईएमए सीजीपीकॉन 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ व जनरल प्रैक्टिशनर्स शामिल होंगे।
जो स्वास्थ्य सेवाओं में नई तकनीक, इलाज, डॉक्टर्स की समस्या आदि पर विस्तार से चर्चा करेगे। आईएमए यूपी के अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, सचिव डॉ. आशीष अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य जनरल प्रैक्टिशनर्स को चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम तकनीकों, शोध एवं उपचार पद्धतियों से अवगत कराना है, जिससे आमजन को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सम्मेलन में मधुमेह, हदय रोग, संक्रामक रोग, आपातकालीन चिकित्सा, क्लिनिकल एथिक्स, प्रैक्टिस मैनेजमेंट जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, पैनल चर्चा व इंटरेक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे व नवीन चिकित्स को लेकर चिकित्सक अपने अनुभव भी बताएंगे। सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को एफसीजीपी की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। आयोजित समिति ने बताया कि यह सम्मेलन ज्ञानवर्धन का मंच नहीं बल्कि चिकित्सको के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, आपसी समन्व्य व जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।