नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील अब धीरे-धीरे रंग ला रही है। इसी कड़ी में मेरठ मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी ने भी सराहनीय पहल की है। आज गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 172वीं बोर्ड बैठक प्रस्तावित है। यह बोर्ड बैठक मेरठ आयुक्त कार्यालय में प्रस्तावित थी जिसमें गाजियाबाद से जीडीए वीसी,सचिव सहित कई अधिकारी शामिल होने के लिए पहुंचते तो वहीं डीएम रविन्द्र मांदड़ सहित जीडीए बोर्ड के भी सदस्यों को मेरठ जाना पड़ता। गाजियाबाद से करीब 25 लोग इस बैठक में शामिल होने के लिए मेरठ पहुंचते, जिससे अच्छे-खासे ईंधन की खपत होती। लेकिन मंडलायुक्त ने इस बैठक को मेरठ के बजाए गाजियाबाद में करने का निर्देश जारी किया है। मंडलायुक्त भी एक ही वाहन से बैठक में शामिल होने के लिए पहुचेंगे। यह भी संभावना है कि वह नमो भारत टे्रन से आये। इससे अन्य अधिकारियों को भी इसके लिए प्रेरणा मिलेगी। बता दें कि आज जीडीए की बोर्ड बैठक है। जिसमें 17 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इस बैठक में सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव अंतर्राष्टï्रीय क्रिकेट स्टेडियम को संयुक्त या पार्टनरशिप मॉडल के आधार पर विकसित किए जाने पर चर्चा होगी। प्रशासनिक एवं वित्तीय अनुमोदन व यूपीसीए एवं जीडीए के बीच एमओयू को लेकर भी चर्चा होगी। इसके अलावा अंतर्राष्टï्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आसपास के गांव मोरटी, अटौर, मेवला अगरी की करीब 200.2515 हेक्टयर जमीन को सुनोयोजित रूप से विकसित किया जाना है। इस जमीन को तीन विकल्प लैंड पुलि, आपसी सहमति व एक्ट के माध्यम से अर्जन किए जाने को लेकर चर्चा होगी। साथ ही हरनंदीपुरम योजना के दूसरे फेज के लिए जमीन अधिग्रहण किए जाने का भी प्रस्ताव प्रमुख होगा। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया पहले बोर्ड बैठक मेरठ में थी, लेकिन ईंधन की बचत को लेकर अब गाजियाबाद में भी कराई जा रही है।