लखनऊ (युग करवट)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सेना एवं सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन कर रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया है। सीएम योगी ने अपनी डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर फोटो में ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ को स्थान देकर दुश्मनों को मजबूत संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब आतंक का जवाब मोदी सरकार दुश्मन के दरवाजे पर देती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मंचों से ब्रह्मोस मिसाइल और भारत की सैन्य ताकत का उल्लेख करते रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत के उस संकल्प की घोषणा थी कि आतंक का जवाब अब कूटनीति की मेज़ पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाज़े पर दिया जाएगा। उनके इस बयान को पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की बदली रक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के रूप में देखा जा रहा है।