एनसीआर में थी ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की थी योजना
नई दिल्ली (युग करवट)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एनसीआर में गोलीबारी, ग्रेनेड हमलों और टारगेट किलिंग की साजिश रचने वाले आईएसआई के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई के अन्य गुर्गे, भारत में मौजूद अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एनसीआर क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग को अंजाम देने की एक आपराधिक साजिश रच रहे हैं। इसी के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपी राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो और वॉयस नोट्स मिले हैं। पूछताछ में पता चला कि राजवीर अपने हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर एनसीआर के एक प्रमुख होटल को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था।