सिलेंडरों में सिलसिलेवार हुए विस्फोट की वजह से दहशत फैली
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में आग ने तांड़व बरपाया। मंगलवार को सिलसिलेवार दो स्थानों पर आग लगी। मार्किट व फ्लैट में लगी आग की वजह से करोड़ों की संपत्ति खाक हो गई। गोल चक्कर पर स्थित त्यागी मार्किट की दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते बीस दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काला धुएं का गुबार छा गया। आग लगने से पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की १२ गाडिय़ां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गईं। इतना ही नहीं एक दुकान से उठी लपटों से तीन गैस सिलिंडर फट गए। जिसके बाद आग ने और अधिक विकराल रूप धारण कर लिया। लगभग साढ़े ग्यारह बजे लगी आग पर एक घंटे बाद काबू पाया गया। गनीमत रही कि सीएनजी पंप तक आग नहीं पहुंची। अगर यह आग सीएनजी पंप तक पहुंच जाती तो बहुत ज्यादा तबाही होने का अंदेशा हो जाता। वहीं जिस मार्किट में आग लगी थी उससे मात्र 200 मीटर दूरी पर स्थित अजनारा ग्रीन सोसाइटी के 22वीं मंजिल पर स्थित बंद फ्लैट में आग लग गई। गनीमत रही कि दोनों दुर्घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है। बता दें कि रविवार की रात भी क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की सुदामापुरी लाल क्वॉटर में स्थित एक मकान में गैस सिलेंडर में आग लगी थी। इस घटना के दौरान आईसक्रीम बेचने वाले पांच युवकों अमित, मुकेश सोनू, संतोष व रूपन आदि बुरी तरह से झुस गये थे। इन पांचों में से तीन की हालत तो खतरे से बाहर बताई जा रही थी लेकिन दो की हालत नाजुक बनी हुई थी।