नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने देर रात नगर कोतवाली से लेकर शहर के मुख्य बाजार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने साइबर सेल, हवालात एवं मालखाने का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न प्रकार की अभिलेखीय फाइलों, टॉप-10 अपराधियों से संबंधित अभिलेखों, साइबर अपराधों से जुड़ी निरीक्षण एवं विवेचना संबंधी फाइलों तथा पुलिसकर्मियों के उपस्थिति रजिस्टर का परीक्षण किया। साथ ही लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं शिकायतों के निस्तारण की प्रगति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और आपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी मंत्री शहर के मुख्य चौपाला स्थित सर्राफा बाजार पहुंचे। जहां उन्होंने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण व व्यापारियों में सुरक्षित वातावरण एवं विश्वास कायम रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए, बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, नियमित पुलिस गश्त पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रभारी मंत्री ने थपथपाई कोतवाली नगर पुलिस की पीठ
गाजियाबाद (युग करवट)। बीती रात प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने न केवल कोतवाली नगर का औचक निरीक्षण किया बल्कि चौपले पर स्थित कई मार्किट पर लगाई गई डï्यूटी का भी धरातल पर जाकर निरीक्षण किया। इस मौके पर एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय, एसएचओ सचिन कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद श्री सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था और कोतवाली नगर के दस्तावेजों की उचित रख रखाव को देखकर कोतवाली नगर पुलिस की पीठ भी थपथपाई।