गाजियाबाद (युग करवट)। वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार शर्मा पर 10 नवंबर को राजनगर क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले में कार्रवाई को लेकर एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा। एसोसिएशन की अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने कहा कि एक वरिष्ठ पत्रकार पर जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर मामला है।
दुर्भाग्यपूर्ण है कि घटना के इतने दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षित नहीं हैं तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता समझते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। पीडि़त पत्रकार मनोज शर्मा ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि 10 नवंबर को उन पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें चेहरे, मुंह और दांतों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस आयुक्त ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर विपुल कुमार, राहुल कुमार, ललित चौधरी, विपिन कुमार, प्रीति मिश्रा, मुकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, देव कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।