जिले में 40 हजार से अधिक हैं बकाएदार
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। दिवाली पर्व के चलते शासन स्तर से उपभोक्ताओं के खिलाफ डिसकनेक्शन की कार्रवाई पर रोक लगाई थी। लेकिन अब सभी पर्व सम्पन्न होने के बाद फिर से विद्युत विभाग का बकाएदारों के खिलाफ अभियान शुरू होने जा रहा है। बड़े बकाएदारों से लेकर पांच हजार रूपए तक के सभी बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी और लम्बे समय तक बकाया भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
बता दें कि जिले में 40 हजार से अधिक ऐसे बकाएदार हैं, जिन पर विभाग का करोड़ो रूपए बकाया है। इसके अलावा बड़े बकाएदारों की संख्या भी अच्छी खासी है। लेकिन दिवाली आदि पर्व के कारण विभाग ने बकाया भुगतान को लेकर डिस कनेक्शन की कार्रवाई को रोक दिया था। हालांकि विभाग का तगादा अभियान लगातार जारी है, जिसमें उपभोक्ताओं से फोन कर बकाया भुगतान किए जाने के लिए कहा जा रहा है। लेकिन अब विभाग बकाया भुगतान वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी में हैं। पहले चरण में उन क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलेगा, जहां लाइन लॉस अधिक है ओर भुगतान नहीं किया जा रहा है। विभाग की टीमें अपने सम्बंधित क्षेत्रों में जाकर चेकिंग अभियान चलाएंगी। ताकि विभाग को भुगतान मिल सके। विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने की चेतावनी जारी कर रहा है, बावजूद इसके बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जो बकाया भुगतान नहीं कर रहे हैं। मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल के मुताबिक विभाग का प्रयास है कि कनेक्शन काटने की कार्रवाई न की जाएं। ऐसे में उपभोक्ताओं से तगादा कॉल के जरिए बिल भुगतान को कहा जा रहा है, इसके बाद भी अगर उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बिजली चोरी पर भी सख्ती से लगाम लगाई जाएगी। जिले में अभी भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता समय से बिल जमा कराने में कतरा रहे हैं। विभाग ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 15 दिन की डयू डेट बिल भुगतान के लिए दी है। ऐसे में अब अगर उपभोक्ता बिल जमा नहीं कराएंगे तो उनके कनेक्शन काटे जाएंगे।