देश में जनगणना का महाअभियान शुरू हो चुका है। इस प्रक्रिया को आधुनिक और सरल बनाने के उद्देश्य से सरकार ने स्वजनगणना की पहल की है, जिसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों को स्वयं अपना विवरण दर्ज करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हालांकि, जमीनी हकीकत यह है कि आम जनता की ओर से इस डिजिटल पहल को अभी वह अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है, जिसकी उम्मीद की गई थी। जागरूकता की कमी और उदासीनता के कारण प्रगणकों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। यदि इस प्रक्रिया को वास्तव में सफल बनाना है और समयबद्ध तरीके से सटीक आँकड़े जुटाने हैं, तो इसके लिए कुछ ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने की आवश्यकता है। सबसे पहला और प्रभावी कदम सरकारी तंत्र से ही शुरू होना चाहिए। प्रशासन को चाहिए कि वह सर्वप्रथम सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए स्वजनगणना को अनिवार्य करे। सभी सरकारी कर्मचार व अधिकारी खुद से स्वजनगणना करें। जब शासन के अपने अंग इस प्रक्रिया से शत-प्रतिशत जुड़ेंगे तो एक बड़ा वर्ग स्वत: ही कवर हो जाएगा और समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा। इसी तर्ज पर निजी क्षेत्र की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कंपनियों और संस्थानों को यह निर्देशित किया जाए कि वे अपने सभी कर्मचारियों को स्वजनगणना पूर्ण करने के लिए प्रेरित करें। जनगणना कर्मचारी अमित कुमार त्यागी का तो यह भी सुझाव है कि सभी स्कूल और कालेजों को भी निर्देश दिए जाएं कि अपने सभी शिक्षकों, स्टाफ एवं छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर स्वजनगणना कराएं। इतना ही नहीं, इसकी नियमित निगरानी के लिए सक्षम अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की सूची की समय-समय पर जांच भी की जानी चाहिए। केवल संगठित और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के जुड़ जाने भर से ही स्वजनगणना के आंकड़ों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। क्योंकि जिन सरकारी कर्मचारियों की डयूटी इस कार्य में लगी है उन्होंने भी स्वजनगणना नहीं की है। इसके अतिरिक्त जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी उतना ही जरूरी है। प्रशासन को मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर जनगणना और स्वजनगणना के संदेश वाले बैनर-पोस्टर लगवाने चाहिए। जब यह विषय आम नागरिकों की नजरों के सामने रहेगा तो वे स्वत: ही इसके प्रति गंभीर होंगे। निश्चित रूप से नीतियों की सफलता उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। सरकारी व निजी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और प्रभावी जन-जागरूकता जैसे बुनियादी कदम उठाकर हम स्वजनगणना की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकते हैं। इससे न केवल समय पर सटीक और प्रामाणिक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे, बल्कि दिन-रात मेहनत कर रहे प्रगणकों का मनोबल भी ऊंचा होगा। स्वजनगणना की वेबसाइट भी सही से काम नहीं कर रही है, उसे भी दुरुस्त करने की आवश्यकता है। दूसरी बात अभी भी आम नागरिक स्वजनगणना को लेकर गंभीर नहीं हैं।