चुनावी मौसम में शुरू हो गया आया राम – गया राम का खेल
दस साल तक भाजपा में कारोबारी रिश्ते निभाने के बाद कसाना साइकिल पर सवार
गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी में दो दिन पहले लोनी निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये। उन्होंने सपा के मंच से कहा कि वो दस साल तक भाजपा में रहे लेकिन उनको कोई सम्मान नहीं मिला इसलिए अब वो समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। हालांकि उनके साथ और कोई भी ग्राम प्रधान या अन्य व्यक्ति शामिल नहीं हुए। कोई भी प्रमुख व्यक्ति अनिल कसाना के साथ शामिल नहीं हुआ। दरअसल अनिल कसाना एक कारोबारी हैं और बहुत बड़े बिल्डर हैं और हमेशा कारोबार को सर्वोपरि रखते हैं।
अनिल कसाना के अनुसार दस साल तक वो भाजपा में रहें हालांकि भाजपा वालों का कहना है कि अनिल कसाना कभी भाजपा में रहे ही नहीं। वैसे ये स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है कि जब कोई जाता है तो यही कहा जाता है कि वो पार्टी में नहीं थे या फिर उनके जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन सूत्रों ने बताया कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने केवल अपने कारोबारिक रिश्ते निभायें और उनके कई प्रोजेक्ट दस साल में परवान चढ़े। हालांकि वो सपा में पहले भी जा सकते थे लेकिन कुछ प्रोजेक्ट फाइल संभवत: अटकी हुई थी इस कारण शायद अब वो फाइल हो गई तो उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले साइकिल पर सवार हो गये। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनको पार्टी ज्वाइन कराई है।
दरअसल कभी भी अनिल कसाना ने सडक़ पर उतर कर कोई संघर्ष नहीं किया। भाजपा के किसी कार्यक्रम में भी वो दिखाई दिये और ना ही उन्होंने कभी कोई आंदोलन किया और ना ही ऐसी कोई तस्वीर सामने आयी जिसमें ये लगा हो कि वो जनता के हित के लिए मैदान में रहते हैं। क्योंकि बड़े व्यवसायिक और बिल्डर हैं उनके रिश्ते केवल बड़े लोगों तक ही सीमित रहे। हां, अभी हाल ही में जरूर हाजी सलमान प्रकरण में वो सामने आये थे। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक जाकिर अली, भाजपा नेता ईश्वर मावी एवं विनोद बैंसला के साथ जरूर वो प्रेस कॉन्फिरेंस करके चर्चा में आये थे। हालांकि इसी प्रेस कॉन्फिरेंस में मौजूदा विधायक नंद किशोर ने पहुंच कर सभी को दौड़ा दिया था। हालांकि बाद में सभी ने अपने-अपने स्तर पर पंचायतें की और अपनी ताकत का एहसास कराया। लेकिन नंदकिशोर गुर्जर ने जो पंचायत की वो सभी की पंचायतों पर भारी पड़ी। अब अनिल कसाना विधानसभा चुनाव 2027 में लोनी से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लडऩे का मन बना रहे हैं और संभवत: इसी के लिए वो पार्टी में गये हैं। सूत्र बताते हैं कि पार्टी ज्वाइन करने के बाद अब अनिल कसाना दावा कर रहे हैं कि पार्टी उन्हें ही टिकट देगी और चाहे इसके लिए उन्हें कितनी भी मजबूत व्यवस्था क्यों ना करनी पड़े। लेकिन सवाल ये है कि टिकट मिलना आसान है लेकिन क्या जनता में उनके प्रति कोई माहौल है ये बड़ा सवाल है। पार्टी ज्वाइन करने के बाद भी अभी तक कहीं कोई चर्चा है और ना ही कोई खास लोगों की प्रतिक्रिया आयी है जिससे ये अंदाजा लगाया जा सके कि उनके प्रति क्या माहौल है। क्योंकि वो एक बड़े बिल्डर हैं लेकिन जनता में जिस तरह एक नेता की पकड़ होना चाहिए वो अभी दिखाई नहीं दे रही है।